प्रशासनिक एवं निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
जोधपुर, 20 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन ने गुरुवार को बालेसर उपखण्ड कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों, लंबित प्रकरणों, अभिलेख संधारण तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्धारित नियमों, प्रक्रियाओं एवं समय-सीमा के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लंबित प्रकरणों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने सतर्कता संबंधी प्रकरणों, संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों तथा अन्य लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणवार प्रगति की जानकारी लेते हुए नियमानुसार लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा अनावश्यक विलंब से बचा जाए।
राजस्व प्रकरणों की स्थिति का लिया जायजा
श्री आलोक रंजन ने राजस्व शाखा में लंबित प्रकरणों एवं उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित कर

ने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा एवं आवश्यक अभिलेखों के अद्यतन संधारण पर जोर दिया।
ई-फाइलिंग एवं कार्यालय अभिलेखों की समीक्षा
उन्होंने कार्यालय में ई-फाइलिंग व्यवस्था, कार्यालय ऑडिट तथा संबंधित अभिलेखों के संधारण की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने ई-फाइलों के निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण तथा कार्यालयीन अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। कार्यालय ऑडिट से संबंधित लंबित अनुपालनाओं को नियमानुसार पूर्ण करने के लिए भी कहा।
निर्वाचन शाखा का निरीक्षण, निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपखण्ड कार्यालय की निर्वाचन शाखा का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों एवं अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि मतदाता सूची के संबंध में प्राप्त आवेदनों एवं दावों-आपत्तियों का निस्तारण राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार किया जाए।
उन्होंने निर्वाचन संबंधी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी दायित्वों का निष्पक्षता, सावधानी एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कार्मिकों को आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों एवं आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए कहा।
जनगणना संबंधी कार्यों की भी समीक्षा
श्री रंजन ने जनगणना से संबंधित कार्यों एवं अभिलेखों की स्थिति का भी अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से इसकी प्रगति की जानकारी ली।
इस दौरान उपखण्ड अधिकारी श्रीमती सुमन राठौड़ सहित तहसीलदार, विकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।







